शादी का झांसा देकर मौसा के भाई ने किया रेप, करवाया गर्भपात

हापुड़/ गाजियाबाद।
जनपद हापुड़ निवासी युवती ने अपने एक रिश्तेदार पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी व उसके पिता सहित छह के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार सिंभावली थानाक्षेत्र निवासी युवती के मुताबिक वह दिल्ली में ऑनलाइन कार्य करती है। जून 2024 में वह दूर के रिश्ते के मौसा-मौसी के यहां रहने आई थी। यहां मौसा के छोटे भाई आनंद ने उससे दोस्ती बढ़ाई और अपनी आर्थिक हैसियत का हवाला देते हुए शादी का भरोसा दिलाया। पीड़िता के मुताबिक मौसी और मौसा ने भी शादी कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि दो अक्तूबर 2024 की रात आनंद ने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि एक दिन आनंद के पिता ने भी उसके साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती का
कहना है कि डर के कारण वह दिल्ली में किराये पर रहने लगी, लेकिन वहां भी आनंद पीछा करता रहा।
अगस्त 2025 में वह उसे अपने दोस्तों के साथ शिमला और जयपुर घुमाने ले गया। वहां भी शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया गया। बाद में गर्भवती होने पर
आनंद और उसके परिजनों ने उसे जबरन गर्भपात की दवा खिला दी।
एसीपी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी आनंद, उसके पिता, भाई, भाभी तथा दो जीजा के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।












