व्यापारी से हुई 64 लाख की लूट का जल्द होगा खुलासा , 10 पुलिस टीमें लगाई – एडीजी भानु भास्कर

व्यापारी से हुई 64 लाख की लूट का जल्द होगा खुलासा , 10 पुलिस टीमें लगाई – एडीजी भानु भास्कर
हापुड़(यर्थाथ अग्रवाल मुन्ना)।
थाना पिलखुवा क्षेत्र में चावल व्यापारी से हुई 64 लाख रुपए की लूट के मामले में एडीजी भानु भास्कर ने पिलखुवा पहुंच अधिकारियों की बैठक ली और दस पुलिस टीमों को खुलासे के लिए लगाया है।
राजस्थान के सीकर निवासी राकेश राजपूत यहां अपने पार्टनर वैभव शुक्ला के पास आए थे। हापुड़ की रेलवे रोड स्थित एचडीएफसी बैंक से उन्होंने 64 लाख रुपये निकाले और बाइक पर सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही वह एनएच 9 पर पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में पहुंचे तो स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर 64 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। इस वारदात से पुलिस विभाग में अफरा तफरी मच गई थी। आनन फानन में एडीजी भानु भास्कर,डीआईजी कलानिधि नैथानी,अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीडि़त व्यापारी से वारदात की जानकारी ली।
—————-
डीआईजी ने थाना प्रभारी निरीक्षक व चौकी प्रभारियों को किया निलंबित
डीआईजी ने अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण न कर पाने,क्षेत्र में आवागमन के प्रमुख रास्तों पर समुचित निगरानी न रखने, तथा सतर्क गश्त और पिकेट ड्यूटी सुनिश्चित न करने को गंभीर चूक मानते हुए थाना प्रभारी पिलखुवा निरीक्षक श्यौपाल सिंह,चौकी प्रभारी छिजारसी महन्तराज यादव एवं चौकी प्रभारी एसपीडीए जितेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से संस्पेड कर दिया है।
————
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे क्षेत्र में सक्रिय निगरानी, सतर्क गश्त और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश सुनिश्चित करें।
——————
एएसपी को सौंपी जांच
इस लूट की घटना जांच और अनुशासनिक कार्रवाई की पत्रावली एडिशनल एसपी हापुड़ को सौंपी गई है। साथ ही,मामले में पिलखुवा सीओ द्वारा किए गए शिथिल पर्यवेक्षण की भी जांच के आदेश दिए गए हैं।
————–
दस पुुलिस टीमों को किया गठन
दिन दहाड़े चावल व्यापारी से 64 लूट करने वाले बदमाशों की तलाश में जनपद हापुड़ की 10 टीमें, बुलंदशहर की छह टीमें,मेरठ और बागपत की पुलिस टीमें लगी हैं। लुटेरों तक पहुंचने के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लुटेरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
—————
हाइवे पर 85 लाख की लूट भी हुई थी
बीते 15 दिसंबर 2025 में पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में राष्टï्रीय राजमार्ग 9 पर दिन दहाड़े बदमाशों ने व्यापारी के मुनीम से 85 लाख रुपये लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा कर दिया था।
एडीजी भानु भास्कर ने बताया ने कि लूट की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच के लिए पुलिस टीम और बढ़ाई गई।पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को भी और सख्त किया गया है।
इस मौके पर एसपी कुंवर ज्ञान्जय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर आदि मौजूद थे।












