व्यापारी से मांगी एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने, हिस्ट्रीशीटर सहित नौ पर दर्ज हुई एफआईआर

व्यापारी से मांगी एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने, हिस्ट्रीशीटर सहित नौ पर दर्ज हुई एफआईआर
हापुड़ । नगर के एक व्यापारी से रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के आरोप में हाफिजपुर के एक हिस्ट्रीशीटर समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर हुई है। आरोपियों पर व्यापारी को जमीन के सौदे के बहाने फंसाकर करीब 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप है।
पीड़ित व्यापारी वेदपाल सिंह ने बताया कि 2023 में हाफिजपुर के गांव घुंघराला निवासी हिस्ट्रीशीटर अरुण उर्फ कोमल और खुर्जा निवासी विजय अग्रवाल ने उन्हें जरोठी रोड पर एक जमीन के सौदे का झांसा दिया था। उन्होंने प्लाटिंग कर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। 30 मई 2023 को सौदा तय होने के बाद वेदपाल ने अपनी फर्म के बैंक खाते से 31 मई को वहाब कुरैशी और आबिद के खातों में कुल 10 लाख रुपए ट्रांसफर किए।
जून 2023 में अरुण और विजय ने हापुड़ में व्यापार करने के लिए वेदपाल से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर उन्होंने 10 लाख रुपए की मांग की, जिसे वेदपाल ने अलग-अलग तारीखों में जमा कर दिया। बाद में अरुण अपने साथियों विजय शंकर अग्रवाल, साजिद अली कुरैशी, फाजिल, राशिद, जावेद, जमशेद और वहाब कुरैशी के साथ आया और जमीन पर अपना हिस्सा बताकर सभी के खातों में रकम मंगवाई।
जब वेदपाल ने बैनामा न होने पर अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें धमकी दी गई। इसके बाद, 6 अक्टूबर 2025 को फ्रीगंज रोड पर हिस्ट्रीशीटर अरुण ने वेदपाल पर फायरिंग कर दी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। शिकायत के बावजूद पुलिस ने पहले मुकदमा दर्ज नहीं किया था। अब मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर गजरौला थाने में सभी नौ आरोपियों के खिलाफ रंगदारी, धमकी, फायरिंग और धोखाधड़ी के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि मामले में हिस्ट्रीशीटर सहित नौ लोगों पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












