विवाहिता की संदिग्ध मौत,जहर देकर हत्या का आरोप

हापुड़ ।
धौलाना के कपूरपुर थाना क्षेत्र के डहाना गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुलंदशहर के खुर्जा निवासी ऋषि ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रचना की शादी करीब 17 साल पहले डहाना गांव के एक युवक से की थी। शादी के इतने लंबे समय बाद भी रचना को कोई संतान नहीं थी, जिसके कारण ससुराल वाले उसे ताने देते थे और पति पर दूसरी शादी का दबाव डालते थे।
परिजनों के अनुसार, बीते शुक्रवार को उन्हें रचना की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। जब वे ससुराल पहुंचे, तो रचना के मुंह से झाग निकल रहे थे। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन फेफड़ों, गुर्दे और अन्य आंतरिक अंगों में सूजन और रक्तस्राव पाया गया है।
सीओ अनिता चौहान ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












