विदेश में नौकरी दिलाने के नाम बेरोजगार से लाखों की ठगी

हापुड़।
थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव राजपुर निवासी युवकों को विदेश में अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगों ने करीब छह लाख रुपये की रकम हड़प ली।
सिम्भावली गांव निवासी नवाजिस ने तहरीर देते हुए बताया कि वह काफी दिनों से प्राइवेट नौकरी की तलाश में घूम रहा था। लेकिन नौकरी नहीं मिल सकी। पीड़ित ने बताया कि गांव में ही रहने वाले युवक के घर पर उसकी मुलाकात जनपद मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के गांव असीलपुर निवासी दो युवकों से हुई। जिन्होंने बताया कि वह काम करने के लिए युवकों को विदेश भेजते हैं। उनके द्वारा विदेशों में भेजे गए लड़के काफी अच्छा वेतन ले रहे हैं। अच्छी नौकरी पाने के लालच में वह आरोपियों के झांसे में आ गया। वहीं, अपने एक मित्र को भी नौकरी के बारे में जानकारी दी। आरोपियों ने बताया कि वह उन्हें एक लाख 25 हजार रुपये का वेतन दिलाने की बात की। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों के कहने पर उन्होंने उनके खातों में करीब तीन लाख रुपये मोबाइल एप के माध्यम से भेज दिए। वहीं, तीन लाख रुपये नकद भी दिए। पैसे देने के बाद भी आरोपियों ने उन्हें नौकरी के लिए नहीं भेजा।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












