लोन दिलाने के नाम पर महिला समूह से 10 लाख रुपये की ठगी

हापुड़।
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र की महावीर कॉलोनी में महिला समूह बनाकर आसान किस्तों पर ऋण उपलब्ध कराने का झांसा देकर कंपनी के कर्मचारियों ने 10 लाख से अधिक की रकम हड़प ली।
पीड़ित महिलाओं को फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पर ताला लगा मिला और कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी बंद मिले। इसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ। मोहल्ला निवासी रागमल, अमित, अन्नु शर्मा, अमित, सना, लक्ष्मी, मोहित समेत दर्जनों लोग कोतवाली पहुंचे। जहां कोतवाली प्रभारी से वार्ता करते हुए रागमल ने बताया कि आधा दर्जन युवक-युवतियों ने कॉलोनी में किराए का मकान लेकर आराध्या फाइनेंस के नाम से कार्यालय खोला था। जिसमें कंप्यूटर समेत सभी जरूरी सामान रखा गया। कर्मचारियों ने महिलाओं का समूह बनाकर उन्हें ऋण उपलब्ध कराने की बात की। ऋण की वसूली आसान किस्तों में कराए जाने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने फाइल चार्ज के नाम पर प्रत्येक महिला 2340 रुपये जमा कराए। पीड़ितों का कहना है कि काफी दिनों तक कार्यालय नियमित तौर पर खुला। सैकड़ों महिलाओं ने अपना पंजीकरण भी कराया। आरोपियों ने समूह पूरा होने पर 18 दिसंबर से ऋण उपलब्ध कराने का झांसा दिया। आरोपियों ने सैकड़ों महिलाओं से फाइल चार्ज के नाम पर वसूली कर करीब 10 लाख रुपये की रकम एकत्र कर ली। बृहस्पतिवार को वह लोग फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पहुंचे, तो वहां ताला लगा मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद कर्मचारियों से फोन पर वार्ता करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके मोबाइल भी बंद आते रहे। जिसके बाद वह लोग कोतवाली पहुंचे। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज बालियान ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी है।












