लिंक भेजकर साइबर ठगों ने व्यापारी के खाते से उड़ाए तीन लाख रुपए

लिंक भेजकर साइबर ठगों ने व्यापारी के खाते से उड़ाए तीन लाख रुपए
हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र निवासी एक व्यापारी से साइबर ठगों ने लिंक भेजकर खाते से तीन लाख रुपए उड़ा दिए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हापुड़ के मोहल्ला निहाल चंद बिल्डिंग निवासी आशीष गर्ग ने बताया कि 16 सितंबर की रात उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। संदेश में आरटीओ चालान का पीडीएफ लिंक दिया गया था, जो ट्रैफिक नियम उल्लंघन का जुर्माना बताकर तुरंत भुगतान करने का दबाव बना रहा था। उत्सुकता में आशीष ने लिंक पर क्लिक कर दिया। लिंक खुलते ही उनके फोन में मैलवेयर इंस्टॉल हो गया, जिससे ठगों को बैंकिंग डिटेल्स और ओटीपी तक पहुंच मिल गई।
पीड़ित ने बताया कि ठगों ने उसके खाते से तीन लाख रुपए उड़ा दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक नज़ीर खान ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












