लापता पत्नी की बरामदगी के नाम पर युवक से ठगी

हापुड़।
सिंभावली क्षेत्र में एक युवक से लापता पत्नी की बरामदगी के नाम पर 16500 रुपये की रकम हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को गाजियाबाद ले जाकर जबरन तलाकनामे पर हस्ताक्षर भी करा लिए।
पीड़ित युवक ने पुलिस में तहरीर दी है कि उसकी पत्नी पांच अगस्त को संदिग्ध परिस्थिति में घर से लापता हो गई थी। उसने रिश्तेदारी और ससुराल समेत अन्य परिचित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी दौरान उसे एक व्यक्ति मिला, जिसने लापता पत्नी का मोबाइल नंबर ट्रैस कराने के नाम पर डेढ़ हजार रुपये की रकम ऐंठ ली।
आरोपियों की करतूत
आरोपी ने पत्नी के मोबाइल की लोकेशन राजस्थान में मिलने की बात कहते हुए गाजियाबाद से पुलिस भेजने के लिए कार के किराये के नाम पर 10 हजार रुपये वसूल लिए। गाजियाबाद पहुंचने पर आरोपी ने अपने तीन साथियों और पीड़ित की लापता पत्नी के साथ मिलकर जबरन तलाकनामे पर हस्ताक्षर कराकर पांच हजार रुपये की रकम ऐंठ ली।
थाना प्रभारी सुमित तोमर ने बताया कि तहरीर पर जांच कराई जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।












