लाइनपार क्षेत्र में बिजली कटौती पर भड़के कॉलोनीवासी

हापुड़।
लाइन पार क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे कई कॉलोनियों के वासियों ने बिजली विभाग के एसई के कार्यालय पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी कर हंगामा किया और बिजली आपूर्ति न सुधरने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शनकारियोें ने बताया कि पिछले कई दिनों से लाइनपार क्षेत्र में स्थित आवास विकास कॉलोनी, सर्वाेदय कॉलोनी, अमृत विहार, गांधी विहार, दोयमी रोड, मिथलेश विहार, पंचवटी, वैशाली सहित कई मोहल्लों में बिजली की आंखमिचोली और कम वोल्टेज ने लोगों को परेशान कर रखा है। बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ है। बिजली की किल्लत से रोज मर्रा का भी कार्य प्रभावित हो रहा है। रात्रि में नींद पूरी नहीं होती है। इसके अलावा बिजली कब जाएगी और कब आएगी, इसकी कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती है। इससे सभी परेशान है। कुछ लोगों ने यह भी शिकायत की कि बिजली विभाग के कर्मचारी शिकायतों पर ध्यान नहीं देते और फोन उठाने में भी लापरवाही बरतते हैं। यदि बिजली आपूर्ति नहीं सुधरी तो वह आंदोलन करेंगे।












