मिठाई के विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद में बीच में आए युवक को लगी गोली, एफआईआर दर्ज

मिठाई के विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद में बीच में आए युवक को लगी गोली, एफआईआर दर्ज
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों में मिठाई के विवाद को लेकर मारपीट व फायरिंग हो गई, इस बीच बचाव करवाने आए युवक को गोली लग गई। जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया और घटना की नामदर्ज एफआईआर कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हाफिजपुर क्षेत्र के गांव हृदयपुर में एक मिठाई की दुकान पर जुनैद और उबैद आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी अतीकुर्रहमान वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में मामला सामान्य बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही मिनटों में माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर अतीकुर्रहमान ने अपने साथी उस्मान उर्फ पहलवान को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर जुनैद और उबैद पर फायरिंग कर दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
फायरिंग के दौरान जुनैद और उसके भाई उबैद को बचाने के लिए आगे आए संजय के पुत्र देव कुमार के कंधे में गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार देव कुमार की हालत अब खतरे से बाहर है और उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और गांव में तनाव का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही सीओ अनीता चौहान थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचीं। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दो नामजद आरोपियों अतीकुर्रहमान और उस्मान उर्फ पहलवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी घटना के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।












