महिला पर सोते समय तेजाब फेंकने का आरोप, मेरठ रैफर, पुलिस ने किया इंकार

महिला पर सोते समय तेजाब फेंकने का आरोप, मेरठ रैफर, पुलिस ने किया इंकार
हापुड़। थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में एक महिला पर सोते समय आज सुबह तेजाब फेंकने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से मेरठ से रैफर कर दिया। उधर पुलिस ने घटना से इंकार करते मामला आपसी विवाद का बताया है और तेजाब फेंकने की घटना से इंकार किया है।
हापुड़ के मोहल्ला त्रिलोकपुरम् निवासी एक महिला ने आरोप लगाते हुए बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने सोते समय ज्वलनशील पदार्थ डालकर हमला किया, जिससे उसकी आंखों में सूजन और जलन हो गई। पीड़िता को पहले जिला अस्पताल और फिर मेरठ रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि घटना सुबह करीब 4 बजे हुई, जबकि पुलिस को सूचना करीब 7 बजे दी गई। मेडिकल परीक्षण में शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ के निशान नहीं मिले, केवल आंखों में हल्की सूजन पाई गई।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अब तक की जांच में तेजाब फेंकने के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि शिकायतकर्ता महिला और आरोपी युवक के बीच लंबे समय से किरायेदारी को लेकर विवाद चल रहा है। संभावना है कि इसी विवाद के चलते यह मामला सामने आया हो।
उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।












