बाजार जा रहे मेडिकल छात्र की बाईक में लगी आग, जलकर हुई खाक

बाजार जा रहे मेडिकल छात्र की बाईक में लगी आग, जलकर हुई खाक
हापुड़। थाना हापुड़ क्षेत्र में बाजार जा रहे एक मेडिकल छात्र की बाईक में अचानक आग लग गई। जिससे छात्र ने कूदकर अपनी जान बचाई और बाईक धू धू करके जलकर खाक हो गई।
हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब डीएवी पब्लिक स्कूल की ओर जाने वाले रास्ते पर एक चलती बुलेट मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। बाइक से धुआं और लपटें उठती देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की तत्परता और स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, चमरी निवासी व मेडिकल छात्र शोएब
अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से बाजार की ओर मोबाइल खरीदने जा रहा था। वह दिल्ली रोड पर बाइक पर सवार होकर जा रहा था, तभी अचानक उसकी मोटरसाइकिल में आग लग गई। शोएब ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत बाइक को सड़क किनारे रोका और कूदकर अपनी जान बचाई।
आग की लपटें देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि, आग इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह जल गई।












