बहन के साथ पिज्जा कैफे पर बैठे प्रेमी से मारपीट के आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल

हापुड़ । एक पिज्जा कैफे में मंगलवार को हुई मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन हमलावर युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर एक युवक और युवती पिज्जा कैफे में बैठे बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक चार युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और युवक पर ताबड़तोड़ लाठी, लात और घूंसों से हमला बोल दिया। मारपीट के बीच एक हमलावर ने युवती पर भी हमला कर दिया। देखते ही देखते तीन युवकों ने दोनों को कैफे से बाहर घसीटकर भी पीटा।
इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया। मामला संज्ञान में आते ही हापुड़ कोतवाली प्रभारी मुनीश प्रताप सिंह ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली। उसी दिन एक आरोपी को हिरासत में लिया गया था, जबकि फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने दबिश देकर बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।












