बरेली में फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर करोड़ों की टैक्स चोरी करने के आरोप में हापुड़ निवासी युवक गिरफ्तार

हापुड़/ रायबरेली।
फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर – टैक्स चोरी करने के मामले में वांछित दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
एसपी रवि कुमार ने बताया कि रायबरेली के सत्य नगर निवासी रमेशचंद्रा के नाम से चार जनवरी 2025 को सर्वश्री राजधानी इंटरप्राइजेज फर्म बनाकर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी गई थी।
मामले का खुलासा होने पर पीड़ित रमेशचंद्रा की तहरीर पर सदर कोतवाली में 24 फरवरी 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में वांछित गाजियाबाद जिले के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के संजय नगर सेक्टर निवासी नरेश कुमार और हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर तुमडैल गांव निवासी सचिन शर्मा को पकड़ा गया है।
एसपी ने बताया कि आरोपी नरेश और सचिन ने अपना अपराध स्वीकार किया है। पूछताछ में बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को लोन दिलाने का झांसा देते थे। इस बहाने वे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता विवरण और मोबाइल नंबर प्राप्त कर लेते थे। इन दस्तावेज का दुरुपयोग कर वे फर्जी ईमेल आईडी बनाते थे। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से चोरी-छिपे फर्जी जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराते थे। फर्जी बिजली बिल और किरायानामा प्रस्तुत कर बोगस फर्म तैयार करते थे। इन फर्जी फर्मों के नाम से नकली बिल बनाकर विभिन्न कंपनियों और व्यापारियों को देते थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।












