प्राधिकरण ने 58 हजार वर्गमीटर की अवैध प्लाटिंग की ध्वस्त

प्राधिकरण ने 58 हजार वर्गमीटर की अवैध प्लाटिंग की ध्वस्त
हापुड़।
हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के विरुद्ध अभियान चलाते हुए शुक्रवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर बुलडोजर चलाकर लगभग 58 हजार वर्ग मीटर से अधिक अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनी काटने वालों में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ नितिन गौड़ ने बताया कि प्राधिकरण की टीम ने गांव चक्रसेनपुर में धर्म सिंह, बलराम सिंह, रामायण, रविंद्र सिंह और श्याम सुंदर शर्मा द्वारा लगभग 20 हजार वर्ग मीटर जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया।
उन्होंने बताया कि गांव फतेहपुर में जितेंद्र, मंजू और लवीश द्वारा 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया। अमरवीर, योगेंद्र, सुशील और पिंटू द्वारा 10 हजार वर्ग मीटर भूमि पर की जा रही प्लाटिंग को भी हटाया गया। वहीं, नए बाईपास पर अंकित द्वारा करीब 3 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अवैध तरीके से काटे जा रहे प्लॉटों को भी मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। टीम ने अवैध निर्माण सामग्री जब्त की और भविष्य में ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त चेतावनी भी जारी की।












