पिलखुवा में जल्द बनेगा फायर स्टेशन, विधायक की मांग पर सीएम योगी ने दिए निर्देश

हापुड़।
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान धौलाना विधायक धर्मेश सिंह तोमर के प्रयासों से पिलखुवा और धौलाना क्षेत्र के विकास को लेकर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। औद्योगिक दृष्टि से लगातार प्रगति कर रहे इन क्षेत्रों में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। विधायक ने इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसमें प्रमुख रूप से छह हजार वर्ग मीटर भूमि पर फायर स्टेशन निर्माण की मांग रखी गई। यह भूमि पहले से ही बिना लागत हस्तांतरित है, जिस पर अब शीघ्र ही आधुनिक फायर स्टेशन का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने इस पर सहमति जताते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
धौलाना विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने मुलाकात में विस्तार से बताया कि पिलखुवा और धौलाना क्षेत्र में हज़ारों कारखाने और औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं। यहां के श्रमिकों और उद्यमियों की सुरक्षा के लिए फायर स्टेशन जरूरी है। उन्होंने इस मुद्दे को लगातार विधानसभा और शासन स्तर पर उठाया, जिसके परिणामस्वरूप अब क्षेत्र को यह सुविधा मिलने जा रही है। व्यापारियों और नागरिकों ने विधायक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और दूरदर्शिता से ही यह संभव हुआ है।
इसी दौरान विधायक ने जनपद हापुड़ की सीमा विस्तार की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। उन्होंने गाज़ियाबाद जिले के सात गांव अतरौली, शामली, दतैड़ी, कनकपुर, जोया, मुकीमपुर और महमदपुर-सुजानपुरको हापुड़ जिले में शामिल करने का प्रस्ताव दिया। विधायक ने कहा कि ये सभी गांव पिलखुवा कस्बे के निकट हैं और सामाजिक व औद्योगिक दृष्टि से हापुड़ से ही जुड़े हैं। इन्हें हापुड़ जिले में शामिल करने से क्षेत्र का विकास और प्रशासनिक सुगमता बढ़ेगी। मुलाकात के बाद विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि पिलखुवा-धौलाना को औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने विधायक की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही क्षेत्र को नई दिशा मिल रही है। फायर स्टेशन निर्माण और सीमा विस्तार का प्रस्ताव पिलखुवा-धौलाना के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
…….












