नेशनल हाईवे- 9 पर सड़क पार कर रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर मौत

हापुड़।
थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के नेशनल हाईवे- 9 पर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एनएच 9 बृजघाट गंगा पुल पर एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था , तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जिसकी सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक व्यक्ति की शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुलिस मृतक व्यक्ति की शिनाख्त के साथ अज्ञात वाहन चालक की भी तलाश में जुट गई है।
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मृतक व्यक्ति की शिनाख्त की जा रही है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन चालक की भी तलाश की जा रही है जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












