नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर स्कार्पियो से भिड़ी, दो की मौत,तीन घायल

हापुड़।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर स्कार्पियो में जा घुसी, जिससे वाहन सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाकर शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ क्षेत्र के हाईवे पर देर रात एक कार मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ तेज रफ्तार गति से जा रही थी, तभी शिवा ढाबे के पास वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही स्कार्पियो में जा घुसी। जिससे चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को गाड़ी से निकाल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रेफिक सुचारू किया।
उन्होंने बताया कि मेरठ जिले के परतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोलन निवासी शाकिब, गुलजार, मुजीब, मौज्जम और लिसाड़ी गेट निवासी इसरार कार में सवार होकर मुरादाबाद की ओर से लौट रहे थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने कार सवार शाकिब और मौज्जम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुलजार, मुजीब और इसरार को गंभीर हालत में मेरठ के एक बड़े अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें से एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है।












