नाले से बरामद शव की शिनाख्त मेरठ के हिस्ट्रीशीटर के रूप में हुई, 55 केस दर्ज

हापुड़।
थाना सिम्भावली क्षेत्र में पुलिस ने मेरठ के एक हिस्ट्रीशीटर का सड़ा गला शव बरामद करने के मामले में उसकी शिनाख्त जनपद मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव जिसौरा निवासी हिस्ट्रीशीटर (46 ) सरताज अली के रूप में हुई है। शिनाख्त के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। परिजन शव को लेकर गांव के लिए रवाना हो गए है। सरताज पर विभिन्न थानों में 55 से अधिक मामले दर्ज थे।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात को गांव शरीफपुर के जंगल के रजवाहे में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। सूचना मर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रजवाहे से बाहर निकालवाया। शव कई
दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया गया लेकिन रात के समय शिनाख्त संभव नहीं हे सकी।
बुधवार की सुबह मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास व अन्य जनपदों के थानों की पुलिस से वार्ता की गई। इस
दौरान उसकी शिनाख्त जनपद मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव जिसौरा निवासी सरताज के रूप में हुई। सरताज अपने थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उस पर करीब 55 से अधिक अलग-अलग आपराधिक घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज हैं।












