नकली पुलिस बनकर खनन करने वालों से अवैध वसूली का प्रयास, डरकर भाग रहे ड्राइवर व अन्य टैक्टर पलटने से हुआ घायल

हापुड़।
थाना कपूरपुर क्षेत्र में नकली पुलिस बनकर रौब दिखाकर मिट्टी खनन कर रहे ट्रैक्टर और डंपर चालकों से अवैध वसूली का प्रयास किया। डरकर भागते हुए टैक्टर पलटने से वे घायल हो गए।
धौलाना के बझेड़ा कलां के अशरफ अली ने बताया कि कामरान खेत से मिट्टी खोद रहा था, जिसकी अनुमति ली थी। इस दौरान सपनावत के पंकज और तीन अन्य व्यक्ति अपनी निजी कार से कामरान के खेत पर आए और पैसे की मांग करने लगे। आरोप है सभी ने खाकी रंग की पैंट पहनी हुई थी और कार के डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी रखी हुई थी। कामरान
घबरा गया और मौके से भागने लगा, जिससे ट्रैक्टर पलट गया और कामरान तथा अरमान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर दोनों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। पीड़ित ने थाना कपूरपुर में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर डीआइजी के सामने पहुंचा। डीआइजी के आदेश पर चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। क्षेत्राधिकारी पिलखुवा अनिता चौहान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।












