दुबई की कम्पनी में निवेश पर 15 प्रतिशत माह का लालच देकर 33.50 लाख रुपये की ठगी, एफआईआर दर्ज

दुबई की कम्पनी में निवेश पर 15 प्रतिशत माह का लालच देकर 33.50 लाख रुपये की ठगी, एफआईआर दर्ज
हापुड़।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने दुबई में प्रॉपर्टी और फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 33.50 लाख रुपये की ठगी करने की एफआईआर दर्ज करवाई है।
हापुड़ के मोहल्ला साकेत एंक्लेव निवासी ललित प्रकाश ने बताया कि तेलंगाना आधारित कंपनी जीटीआर प्रॉपर्टीज एंड वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक मोहम्मद नवाज और उनके सहयोगियों ने उन्हें ठगी का शिकार बनाया। मोहम्मद नवाज कथित तौर पर दुबई और भारत से प्रॉपर्टी और फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कराने का काम करता है। इस कंपनी के इंटरनेशनल प्लान प्रमोटर महेश चंद्र जो गाजियाबाद के गोविंदपुरम में गौड होम के निवासी हैं, ने इस ठगी में मुख्य भूमिका निभाई। उनके साथ रिहाल खान (नाहली, गाजियाबाद) और संदीप तोमर भी इस नेटवर्क के पार्टनर बताए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 2024 को गाजियाबाद में आयोजित एक सेमिनार में महेश चंद्रा ने कंपनी के मालिक मोहम्मद नवाज के साथ अपनी कथित नजदीकी का हवाला देकर निवेशकों को आकर्षित किया। महेश ने दावा किया कि कंपनी में निवेश करने पर 10 से 15 प्रतिशत मासिक लाभांश मिलेगा। इस झांसे में आकर ललित प्रकाश ने विश्वास कर लिया और कंपनी के बताए गए खातों आरटीजीएस और एनएफटी के माध्यम से 33.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, पिछले चार महीनों में न तो उन्हें कोई लाभांश मिला और न ही उनकी रकम वापस की गई। जब ललित ने संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने अपने सभी फोन बंद कर लिए। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ, और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












