दहेज के लिए पत्नी को ब्लैकमेल कर रहा पतिः गढ़मुक्तेश्वर में पति ने अश्लील वीडियो और फोटो चाची को भेजे

हापुड़।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने पति पर दहेज की मांग पूरी ना करने पर उसकी न्यूड फोटो वायरल करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपने ही पति पर आरोप लगाते हुए बताया कि उसका निकाह करीब पांच साल पहले हुआ था और शादी के समय उसके पिता ने दहेज स्वरूप एक बाइक दी थी, जिसे आरोपी पति ने बाद में बेच दिया।
आरोप है कि इसके बाद पति ने दहेज में दो लाख रुपये नकद और एक कार की मांग शुरू कर दी। जब यह मांग पूरी नहीं की गई तो आरोपी ने महिला की आपत्तिजनक और नग्न तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देने लगा।
महिला का आरोप है कि पति ने ये अश्लील फोटो और वीडियो उसकी चाची के मोबाइल पर भेज दिए जिससे पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।
पीड़िता का कहना है कि उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है जिससे वह डरी और सहमी हुई है। पीड़िता ने मामले की शिकायत बहादुरगढ़ थाने में दी, जहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस टीम गठित कर जांच कराई जा रही है ।












