ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ जवान की हार्ट अटैक से मौत, सैन्य सम्मान के साथ हुआ शहीद का अंतिम संस्कार

ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ जवान की हार्ट अटैक से मौत, सैन्य सम्मान के साथ हुआ शहीद का अंतिम संस्कार

हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र निवासी सीआरपीएफ जवान का असम में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। शनिवार को हापुड़ पहुंचे शहीद के शव के अन्तिम दर्शनों के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। उनका अंतिम संस्कार गांव में सैन्य सम्मान के साथ किया गया।
जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ के ग्राम अटूटा कुलदीप सिंह ने 2002 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में नौकरी शुरू की थी। वह गुवाहाटी में नर्सिंग असिस्टेंट के पद पर तैनात थे।
कुलदीप सिंह की शुक्रवार को गुवाहाटी में हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मचा दिया। पत्नी नीता, बेटा अक्षित, बेटी जूही और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के सैकड़ों लोग उनके घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
शनिवार सुबह कुलदीप का पार्थिव शव गांव अटूटा लाया गया। शव पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। शव यात्रा में सैकड़ों ग्रामीणों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी। कुलदीप के बेटे अक्षित ने पिता को मुखाग्नि दी। सीआरपीएफ और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।












