डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप

हापुड़।
गढ़मुक्तेश्वर के नयागांव निवासी किशोरी (25) की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया गया कि किशोरी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे स्थानीय निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला की हालत बिगडने लगी, लेकिन आरोप है कि मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को समय रहते नहीं समझा और न ही समुचित उपचार उपलब्ध कराया गया। मृतका के पति पवन ने बताया कि लगातार हालत बिगडने के बावजूद काफी देर बाद किशोरी को मेरठ के लिए रेफर किया गया। एंबुलेंस से मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और नवजात शिशु के सिर से मां का साया उठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी अस्पताल के चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग – की है। वहीं, अस्पताल संचालक ने बताया कि अस्पताल में बच्चे को जन्म देने के बाद महिला को ठीक ठाक रेफर किया गया था। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी।












