डिलीवरी कंपनी से 7.32 लाख की ठगी, एफआईआर दर्ज

डिलीवरी कंपनी से 7.32 लाख की ठगी, एफआईआर दर्ज
हापुड़ । लखनऊ की शैडोफैक्स टेक्नोलॉजी कंपनी ने धौलाना में अपनी फ्रेंचाइजी के मालिक और दो अन्य लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक कंपनी के प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने शिकायत करते हुए बताया कि फ्रेंचाइजी मालिक विवेक कुमार, राइडर सौरभ राणा और सहयोगी चंद्रवीर सिंह पर आरोप है कि उन्होंने मार्च और अप्रैल में फर्जी तरीके से सामान की वापसी दिखाकर कंपनी को नुकसान पहुंचाया। कंपनी के नियम के अनुसार, सामान की वापसी के लिए ग्राहक को कंपनी की एप पर सहमति देनी होती है।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने बिना ग्राहक की सहमति के ही फर्जी वापसी दिखा दी। इस धोखाधड़ी से कंपनी को 7.32 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। यह राशि ग्राहकों को रिफंड के रूप में वापस की जा चुकी है। कंपनी ने अन्य संदिग्ध लेनदेन को रोक दिया है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












