ट्रैक्टर चालक ने 6 लोगों पर मारपीट कर लगाया लूट का आरोप

हापुड़।
बाबूगढ़ क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उस पर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने 30 हजार रुपये भी लूट लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस दोनों पक्षों में आपसी विवाद का मामला बता रही है।
दर्ज रिपोर्ट में गांव मुबारिकपुर सलामतपुर निवासी वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि उनका पुत्र कुलदीप शर्मा उर्फ घासी ट्रैक्टर-ट्रॉली से मटर की फसल लेकर खेत से घर लौट रहा था। है। ट्रॉली में करीब 15 महिला मजदूर भी बैठीं थीं। उन सभी को वह उनके घर छोड़ने जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में करीब छह आरोपियों ने उसे घेर लिया।
सभी आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे और सरिया थे। आरोपियों ने कुलदीप पर अचानक हमला कर दिया
और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
इस दौरान आरोपियों ने तमंचे की बट से कुलदीप के सिर पर दो बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद आरोपी उसकी जेब में रखे करीब 30 हजार रुपये लूटकर ले गए। पीड़ित को परिजनों ने मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां चिकित्सकों ने बताया कि कुलदीप के हाथ और पैर की हड्डी टूट गई
उसके सिर में करीब दस टांके लगाए हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। आपसी विवाद के बाद मारपीट का मामला है, लूटपाट जैसी कोई बात सामने नहीं आ रही है।












