टोलकर्मियों को कुचलने का किया प्रयास, कार चालक गिरफ्तार

हापुड़।
थाना गढ़मुक्तेशर क्षेत्र के ब्रजघाट टोल प्लाजा पर एक कार चालक ने टोल भुगतान को लेकर विवाद के बाद टोलकर्मियों को कार से कुचलने का प्रयास कर दिया। घटना से टोल प्लाजा पर हड़कंप मच गया। इस दौरान मामले की जानकारी पर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम को एक कार टोल लाइन में लगी थी। टोल कटने के दौरान फास्टैग में बैलेंस न होने के कारण गाड़ी टोल बूथ पर रुक गई। पीछे लंबी कतार लगने पर टोलकर्मियों ने वाहन को साइड में
कर आगे बढ़ा दिया और चालक से नकद टोल जमा करने को कहा। इसी बात को लेकर चालक भड़क उठा। आरोप है कि कार चालक ने गुस्से में वाहन को तेज गति से टोलकर्मियों की ओर दौड़ा दिया और उन्हें कुचलने का प्रयास किया। टोलकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद चालक मौके से भागने लगा, लेकिन
टोल कर्मचारियों ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर
वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।












