टेलीग्राम ग्रुप के जरिये लोगों को ट्रेडिंग, क्रिप्टोकरेंसी, इंवेस्टमेंट और आनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार, भेजा जेल

टेलीग्राम ग्रुप के जरिये लोगों को ट्रेडिंग, क्रिप्टोकरेंसी, इंवेस्टमेंट और आनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार, भेजा जेल
हापुड़। थाना साइबर सेल ने टेलीग्राम ग्रुप के जरिये लोगों को ट्रेडिंग, क्रिप्टोकरेंसी, इंवेस्टमेंट और आनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगने वाले दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।आरोपितों से फर्जी आधार कार्ड, पेन कार्ड, वोटर आइडी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपितों से छह अन्य सदस्यों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है। जिसके आधार पर आठ नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि उपनिरीक्षक प्रबल कुमार पंकज के साथ शिकायती पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर दो संदिग्ध बैंक खातों की जांच कर रहे थे। इन खातों में साइबर ठगी के रुपये ट्रांसफर किए जाने की शिकायतें मिली थीं। गांव दस्तोई मार्ग से गांव दस्तोई के विक्रांत पंघाल व शिवा चौधरी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों से दो मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, पेन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड बरामद हुआ।
पूछताछ में विक्रांत ने बताया कि वह और उसके साथी शिवा चौधरी तथा जिला बुलंदशहर के खंगावली का आकाश मलिक मिलकर काम करते था। वह टेलीग्राम ग्रुपों में जुड़कर नए बैंक खाते में रुपये मांगते थे। यह रुपये साइबर ठगी से जुड़े आरोपित ट्रांसफर कराते थे। कमीशन लेकर वह रुपये गिरोह के सरगना द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे। गिरोह का सरगना व अन्य सदस्य ट्रेडिंग, इंवेस्टमेंट, क्रिप्टो और आनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। शिवा इस काम में युवकों को रुपयों का लालच देकर जोड़ता था। उसने गिरोह से आदर्श नगर के हर्षित गौतम, गांव गोयना के गौरव कश्यप, गांधी विहार के शुभम पाल, आदित्य व देवांश त्यागी को भी जोड़ा था। इनके बैंक खातों में भी ठगी के रुपयों को भेजा गया था। वह फर्जी दस्तावेजों से नए खाते खोलते थे। इन बैंक खातों में डलवाने के लिए नए मोबाइल नंबर खरीदते थे।












