चोरों ने की बंद घर से लाखों रुपए के जेवरात व नगदी चोरी

चोरों ने की बंद घर से लाखों रुपए के जेवरात व नगदी चोरी
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र के मोहल्ला रजनी विहार में चोर मकान का ताला तोड़कर नकदी व गहने चोरी करके ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की।
पीड़िता सुषमा ने बताया कि मंगलवार की शाम परिवार के लोग काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना पाकर परिवार मौके पर पहुंचा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता ने बताया कि चोर चार सोने की अंगूठियां, दो सोने के मंगलसूत्र, एक सोने का कुंडल, एक सोने का हार, चांदी के गहने, नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस मामले में जांच कर रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।












