ग्रुप निदेशक पद पर डॉ. सौरभ कंवर की नियुक्ति पर मोनार्ड यूनिवर्सिटी में मचा घमासान, कर्मचारियों ने खोला मोर्चा

ग्रुप निदेशक पद पर डॉ. सौरभ कंवर की नियुक्ति पर मोनार्ड यूनिवर्सिटी में मचा घमासान, कर्मचारियों ने खोला मोर्चा
हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र के नेशनल हाईवे- 9 स्थित मोनार्ड यूनिवर्सिटी में ग्रुप निदेशक पद पर डॉ. सौरभ कंवर की नियुक्ति पर कर्मचारियों ने मोर्चा खोलते हुए हटाने की मांग की है।
कर्मचारियों ने बताया कि डॉ. कंवर के पूर्व कार्यस्थल से जुड़े गंभीर मामले अभी भी जांच के दायरे में हैं। इस पृष्ठभूमि के व्यक्ति को उच्च पद पर नियुक्त करने को लेकर चिंता जताई गई है।
कर्मचारियों का आरोप है कि विवादित पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को उच्च पद पर बैठाना छात्राओं की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राएं पढ़ती हैं और बालिका सुरक्षा अभियान भी संचालित है, ऐसे में यह नियुक्ति परिसर के सुरक्षित माहौल को प्रभावित कर सकती है।
पत्र में पुराने प्रकरणों और लंबित जांचों का हवाला देते हुए कर्मचारियों ने इस नियुक्ति को अनुचित बताया है। उन्होंने मांग की है कि नियुक्ति आदेश तत्काल वापस लिया जाए और डॉ. कंवर के परिसर में प्रवेश पर रोक लगाई जाए।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं होता है, तो एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।












