गैस पाइप फट जाने से फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप

गैस पाइप फट जाने से फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप
हापुड़। थाना धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में गैस की पाइप लाइन फटने से भीषण आग लग गई। फ़ायरबिग्रेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी क्षेत्र स्थित मेंथा आयल बनाने वाली हेलो एरोमेटिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में शुक्रवार सुबह अचानक गैस पाइप फट गई। जिससे फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हादसे के वक्त नाइट शिफ्ट में तैनात सभी नौ मजदूर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
शिफ्ट इंचार्ज रामावतार की सूझबूझ और कर्मचारियों की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण सभी ने समय रहते सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही फायरबिग्रेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंच आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।












