गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च करके कॉल करने पर व्यापारी के खाते से उड़े 91.50 हजार रुपए, एफआईआर दर्ज

गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च करके कॉल करने पर व्यापारी के खाते से उड़े 91.50 हजार रुपए, एफआईआर दर्ज
हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र निवासी एक बर्तन व्यापारी ने गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च करके कॉल किया। जिससे तीन बार में व्यपारी के 91.50 हजार रुपए उड़ गए। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के कसेरठ बाजार निवासी विभू जिंदल की जिंदल ट्रेडर्स नाम की दुकान है। 15 जुलाई 2025 की शाम को एक अनजान शख्स दुकान पर आया। उसने 10,000 रुपये का सामान लिया, 4,000 रुपये कैश भी लिए और एक लाख रुपये का चेक थमा दिया, जो बाउंस हो गया।
पीड़ित ने परेशान होकर 31 जुलाई को गूगल पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र कस्टमर केयर नंबर सर्च किया और सबसे ऊपर दिख रहे नंबर पर कॉल कर दी। फोन उठा तो सामने वाला बोला कि मामला सीनियर को ट्रांसफर कर रहा हूं। कॉल कट गई और थोड़ी देर बाद दूसरे नंबर से फोन आया और वाट्सएप लिंक और ऐप इंस्टॉल करवाकर जैसे ही विभू ने लिंक खोला, तभी तीन बार में 91,500 रुपये उड़ गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












