गंगा मेला में युवक की जेब से मोबाइल निकाल दोस्त ने उड़ाए 1.10 लाख रुपए

हापुड़ ।
गढ़मुक्तेश्वर कार्तिक पूर्णिमा मेले में आए श्रद्धालु ने अपने साथी पर फोन लेने के बाद खाते से एक लाख से अधिक की नकदी निकालने का आरोप लगाया है। बागपत निवासी आदित्य ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वह अपने साथियों के साथ कार्तिक पूर्णिमा मेले में गंगा स्नान करने के लिए आए हुए हैं। साथियों के साथ उन्होंने अपना डेरा मेरठ सेक्टर में लगाया हुआ है। सोमवार को वह डेरे में दूसरे साथियों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान एक साथी ने उनका मोबाइल फोन जेब से निकाल लिया, जिसके बारे में उन्हें पता नहीं चल सका। आरोपी को मोबाइल के पासवर्ड की जानकारी थी। जिस कारण उसने लॉक खोलकर भुगतान एप के माध्यम से उनके बैंक खाते से एक लाख 10 हजार रुपये अपने खाते में डाल लिए। इस बारे में पता चलने पर वह दंग रह गया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।












