कारगिल युद्ध में तोलोलिंग चोटी पर दुश्मनों के छक्के छुड़ाते हुए शहीद हुए कारगिल योद्धा की प्रतिमा का केन्द्रीय मंत्री ने किया अनावरण

हापुड़।
जिलें के बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव लुहारी निवासी व सेना में जवान रहे सतपाल सिंह ने कारगिल युद्ध में तोलोलिंग चोटी पर दुश्मनों के छक्के छुड़ाते हुए शहीद हो गए थे। उनकी याद में रविवार को केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने उनके पैतृक गांव में शहीद की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जानकारी के अनुसार जनपद के गढ़ क्षेत्र के गांव लुहारी निवासी लांस नायक सतपाल सिंह 32 वर्ष की उम्र में कारगिल युद्ध 28 जून 1999 शहीद हो गए थे। सतपाल का जन्म गांव लुहारी में ही 17 जनवरी 1967 को हुआ था। वर्तमान में शहीद के परिजन मेरठ में रहते हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री व राष्ट्रीय लोकदल के सुप्रीमो जयंत चौधरी रविवार को जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव लुहारी पहुंचे जहां उन्होंने कारगिल शहीद सतपाल सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर बलिदानियों के बलिदान को याद किया। शहीद सतपाल सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने के पश्चात उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्होंने कहा कि कारगिल शहीद सतपाल सिंह का बलिदान राष्ट्र से लिए प्रेरणा का स्त्रोत है।
उल्लेखनीय है कि कारगिल शहीद सतपाल की प्रतिमा व स्मारक स्थल के निर्माण में शहीद के परिवारजनों का अहम योगदान है। इस अवसर पर शहीद सतपाल सिंह की पत्नी बबीता व उनका परिवार, पूर्व सैनिक मनवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।












