आगामी 20 फरवरी से लगेगा दो दिवसीय वन टाइम टैक्स मेला:एआरटीओ

,हापुड़।
मेरठ रोड स्थित सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय में वन टाइम टैक्स के लिए 20 व 21 फरवरी को मेले का आयोजन करेगा। वाहन स्वामियों से मेले का लाभ उठाने की अपील की जा रही है।
सहायक सम्भागीय अधिकारी प्रशासन छवि सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने परिवहन कर प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए एकमुश्त कर (वन टाइम टैक्स) व्यवस्था लागू की है। इसी नई व्यवस्था की जानकारी देने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए 20 और 21 फरवरी को एआरटीओ कार्यालय परिसर में परिवहन मेला आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले माह उत्तर प्रदेश मोटर यान कराधान अधिनियम,1997 की धारा-4 की उपधारा में संशोधन किया है। इसके तहत भाड़े या पारिश्रमिक पर चलने वाले दोपहिया वाहन, तिपहिया मोटर कैब, 10 लाख रूपये तक और 10 लाख रूपये से अधिक मूल्य के मोटर कैब (तिपहिया को छोडक़र), मैक्सी कैब, निर्माण उपकरण व विशेष प्रयोजन वाहन, 3000 किग्रा तक और 3000 से 7500 किग्रा तक के माल वाहन और राज्य परिवहन उपक्रम के सार्वजनिक सेवा वाहन शामिल किए है। नई व्यवस्था का उद्देश्य बार-बार कर भुगतान की जटिल प्रक्रिया से राहत देना, पारदर्शिता बढ़ाना और कर प्रणाली को सरल बनाना है। उन्होंने सभी वाहन स्वामियों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों से मेले में भाग लेकर नई व्यवस्था का लाभ उठाने की अपील की है।












