अस्पताल खोलने के नाम पर चिकित्सक पर पांच लाख रुपए की ठगी का आरोप, एफआईआर दर्ज

हापुड़।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव भोवापुर निवासी एक व्यक्ति ने गढ़ नगर में हॉस्पिटल चलाने वाले एक निजी चिकित्सक के खिलाफ फिजियोथेरेपी खोलने के नाम पर पांच लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव भोवापुर निवासी संजीत यादव ने बताया कि जिला संभल निवासी डॉ. दानिश गढ़ नगर में अम्बे हॉस्पिटल चलाता है। उनका हॉस्पिटल पर आना जाना था।
इस दौरान डॉ. दानिश ने उनके सामने एक नया फिजियोथेरेपी सेंटर खोलने का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि फिजियोथेरेपी
सेंटर खोलने में 10 लाख रुपये खर्च होंगे। इसमें दोनों आधे-आधे पैसे खर्च करेंगे। पीड़ित ने बताया कि वह दानिश के झांसे में आ गए।
आरोप है कि डॉ. दानिश को उन्होंने 2023 में दो लाख रुपये दिए और इसके बाद पीड़ित ने तीन लाख रुपये और दे दिए। पीड़ित का आरोप है कि पूरे पैसे देने के बाद जब उन्होंने आरोपी से फिजियोथेरेपी सेंटर खोलने की बात की तो वह समय पर समय देता रहा।
पीड़ित ने जब ज्यादा दबाव बनाया तो आरोपी ने एक चैक दिया लेकिन वो चैक भी बाउंस हो गया।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में जांच की जा रही है।












