अमेरिका में छात्र निर्वाण शर्मा को प्रेसिडेंट एजुकेशनल अवॉर्ड से किया सम्मानित

हापुड़। अमेरिका के टेक्सास राज्य की राजधानी ऑस्टिन में रहने वाले भारतीय मूल के छात्र निर्वाण शर्मा को प्रेसिडेंट एजुकेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर वाला सर्टिफिकेट है। यह सम्मान पूरे देश में केवल 50 छात्रों को दिया जाता है। जिसके बाद हापुड़ में परिजन में खुशी की लहर दौड़ गई।
दरअसल, निर्वाण ऑस्टिन के एल्सा इंग्लैंड एलिमेंट्री स्कूल में कक्षा 5 के छात्र हैं। उन्होंने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। निर्वाण के पिता अभिषेक शर्मा और माता नूपुर शर्मा हैं। नूपुर शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के मेरठ रोड स्थित आवास विकास की रहने वाली हैं।
निर्वाण के नाना अशोक कुमार शर्मा हापुड़ के संजय विहार आवास विकास कॉलोनी में रहते हैं। इन दिनों निर्वाण अपने परिवार के साथ हापुड़ में अपने पैतृक घर पर आए हुए हैं। निर्वाण बचपन से ही पढ़ाई में रुचि रखते हैं। उनका लक्ष्य विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में काम करना है। निर्वाण की इस उपलब्धि पर परिवार और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल है। उनकी माता नूपुर का कहना है कि यह सम्मान उनके बेटे की मेहनत का परिणाम है। उन्हें गर्व है कि उनके बेटे ने अमेरिका में भारत का नाम रोशन किया है।