होटल खोलने पर पाटर्नरशिप के नाम पर 2.55 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप, एफआईआर दर्ज

हापुड़।
थाना गढ़मुक्तेश क्षेत्र निवासी व होटल व्यवसाई पर गाज़ियाबाद निवासी व्यक्ति ने होटल में पार्टनरशिप के नाम पर
2.55 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
गाजियाबाद के संजय नगर निवासी नगेंद्र चौधरी उर्फ नीरज चौधरी ने बताया कि उन्होंने गढ़ क्षेत्र में हाईवे किनारे होटल व ढाबों के संचालक दंपती के साथ वर्ष 2023 में यमुना एक्सप्रेसवे वृंदावन कट के निकट मथुरा के गांव के पास साझेदारी में होटल और ढाबा खोला था। इसमें उनकी हिस्सेदारी लागत के अनुसार तय की गई थी।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी दंपती ने उनसे
हिस्सेदारी और अन्य खर्च के लिए एक करोड़ 67 लाख 80 हजार रुपये बैंक खातों के माध्यम से ले लिए। इसके अलावा 87 लाख 45 हजार रुपये नकद उन्होंने आरोपियों को दिए। जिसके बाद मई 2023 से होटल का संचालन शुरू कर दिया गया।
बाद में आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज के जरिए होटल को बिना किसी अधिकार अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने आरोपी से पूछा और अपने हिस्से का धन और मुनाफा मांगा।
इस पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी दंपती को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।












