शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद के चलते युवक ने फांसी लगाकर किया आत्महत्या का प्रयास ,मेरठ रैफर

शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद के चलते युवक ने फांसी लगाकर किया आत्महत्या का प्रयास ,मेरठ रैफर
हापुड़ । थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में मंगलवार रात घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। समय रहते पत्नी और पड़ोसियों की नजर पड़ने से उसकी जान बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को उपचार के लिए सीएचसी हापुड़ में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात करीब 10 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि बाबा फार्म हाउस के सामने एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही पीआरबी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पूनम ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति रोहतास (26) और दो बच्चों के साथ पिछले दो वर्षों से किराये के मकान में रह रही है।
पूनम ने पुलिस को बताया कि रोहतास शराब पीता है और नशे की हालत में अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। इसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता है। मंगलवार रात भी शराब पीने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद रोहतास कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
कुछ देर बाद उसने फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। जानकारी होने पर पूनम ने पड़ोसियों की मदद से उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल युवक को सीएचसी हापुड़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।













