मुर्गी फार्म में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बदमाशों को रिमांड पर लेकर बरामद किया तांबे का तार

हापुड़।
थाना सिंभावली के गांव वैठ निवासी मुर्गी फार्म में हुई चोरी में गिरफ्तार बदमाशों को रिमांड पर लेकर पुलिस ने चोरी का तांबे का तार बरामद किया।
सिम्भावली के गांव वैठ निवासी काशिफ खान ने बताया कि उनका मुर्गी फार्म गंदू नंगला रोड पर गांव से कुछ दूरी पर स्थित है। जिस पर वह अपने परिवार के सदस्य के साथ रहते हैं। पीड़ित ने बताया कि नौ मई की रात भी वह अपने भतीजे अयान के साथ मुर्गी फार्म पर थे। देर रात तीन नकाबपोश बदमाश तमंचे, चाकू लेकर फार्म में घुस आए और उनके मोबाइल भी छीन कर फेंक दिए। बदमाशों ने आराम से फार्म पर लगे जेनरेटरों के अल्टीनेटरों के अंदर से तांबे का तार निकाला। इसके अलावा उनकी जेब में रखे 35 सौ और कमरे में रखी 45 सौ रुपये की नकदी भी निकाल ली थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में दो बदमाशों धौलाना निवासी अरमान व गौतमबुद्धनगर नगर निवासी जावेद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लेकर तांबे का तार बरामद किया है।











