महिला का गला दबाकर हत्या के प्रयास व कानों का कुंडल लूटने का लगाया आरोप

हापुड़।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गोहरा आलमगीरपुर निवासी महिला ने कुछ लोगों पर उसका गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। आरोप है कि शोर मचाने पर आरोपी कानों का कुंडल लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने मामले में दस दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है।
बाबूगढ़ के गांव गोहरा आलमगीरपुर निवासी बबीता ने बताया कि बीती 19 दिसंबर की रात वह अपने घर पर अकेली थी। रात उनके घर के बाहर कुछ लोग गाली-गलौज कर रहे थे। उन्होंने घर के बाहर निकलकर देखा कि गांव का ही टीटू उर्फ रविंद्र नागर और गांव के प्रधान का देवर नीरव नागर वहां मौजूद था।
उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने पहले तो उसे धक्का दे दिया और इसके बाद गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। उसने शोर मचा तो कुछ पड़ोसी उसे बचाने के लिए दौड़े। इसके बाद आरोपी कान का कुंडल लूटकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर को शिकायती पत्र दिया था।
सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि एएसपी के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।












