दहेज की मांग पूरी ना करने पर विवाहता से मारपीट व देवर पर रेप के प्रयास का आरोप, एफआईआर दर्ज

हापुड़ ।
थाना हापुड़ क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने सुसरालियो पर कार व दस लाख रुपए दहेज की मांग पूरी ना करने पर मारपीट व देवर पर रेप के प्रयास का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
हापुड़ के मेरठ रोड स्थित एक मोहल्ला की विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 11 जून 2023 को दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने करीब 40 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति, सास, ससुर, देवर और ननद दहेज में कार व दस लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। आरोप है कि एक दिन घर में अकेला पाकर देवर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोप है कि जब वह करीब ढाई माह की गर्भवती थी, तब सास ने उसे दवा खिला दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी और उसका गर्भपात हो गया।
24 अगस्त 2025 को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके गले में दुपट्टा डालकर हत्या का प्रयास किया। इसके बाद यह किसी तरह अपने मायके आ गई और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। विचौलिये के कहने पर पति और ससुर उसके मायके पहुंचे और अपनी गलती मानते हुए 21 दिसंबर 2025 को उसे ससुराल ले जाने की बात कहकर चले गए, लेकिन इसके बाद उसे लेने नहीं आए। 22 दिसंबर को पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत की। पुलिस ने दोनों पक्षों को मध्यस्थता के लिए बुलाया, लेकिन ससुराल पक्ष थाने नहीं पहुंचा। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।












