तीन राज्यों में साइबर ठगी की रकम का लेनदेन, हापुड़ के म्यूल खाते में पहुंचे 4.54 लाख रुपये; खाताधारक पर एफआईआर दर्ज

तीन राज्यों में साइबर ठगी की रकम का लेनदेन, हापुड़ के म्यूल खाते में पहुंचे 4.54 लाख रुपये; खाताधारक पर एफआईआर दर्ज
हापुड़। साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम के लेनदेन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। साइबर सेल की जांच में इंडियन बैंक का एक खाता तीन राज्यों में हुई साइबर ठगी से जुड़ा मिला है। खाते से संबंधित तीन शिकायतों में कुल 4.54 लाख रुपये की साइबर ठगी सामने आई है। मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने खाताधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर सेल प्रभारी प्रबल कुमार पंकज की ओर से कोतवाली नगर में दी गई तहरीर के अनुसार, प्रदेशभर में सक्रिय साइबर अपराधियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में साइबर अपराधों में इस्तेमाल हुए म्यूल खातों की जांच की गई। जांच के दौरान इंडियन बैंक के एक खाते के संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी), समन्वय और प्रतिबिम्ब समेत अन्य डिजिटल माध्यमों पर शिकायतें दर्ज मिलीं।
जांच में सामने आया कि खाते से संबंधित तीन शिकायतें ओडिशा, महाराष्ट्र और केरल से दर्ज हैं। इनमें कुल 4,54,200 रुपये की साइबर ठगी की जानकारी मिली। बैंक से प्राप्त विवरण के अनुसार संबंधित खाता मोतीनगर कालोनी, मेरठ रोड निवासी मनीष कुमार के नाम पर दर्ज है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि खाताधारक ने अपने बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर अपराध के जरिए धोखाधड़ी कर आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से किया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की विवेचना निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस खाते में हुए लेनदेन, तीनों शिकायतों और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले म्यूल खातों की पहचान कर उनके धारकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।













