गाजियाबाद निवासी व्यक्ति ने लगाया ग्राम प्रधान पर 12 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, एफआईआर दर्ज

गाजियाबाद निवासी व्यक्ति ने लगाया ग्राम प्रधान पर 12 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, एफआईआर दर्ज
, हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्र के एक गांव में गाज़ियाबाद निवासी व्यक्ति ने मकान बनाने के नाम पर गांव प्रधान पर 12 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
गाजियाबाद के कवि नगर निवासी मोहित गर्ग ने बताया कि उन्होंने ग्राम खेड़ा में 830 वर्ग गज का प्लॉट खरीदा था। जब उन्होंने इस प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू कराया, तो ग्राम छिजारसी, कुलीच नगर हापुड़ निवासी प्रधान ने अपने साथियों के साथ मिलकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधान ने उन्हें धमकी दी। प्रधान ने कहा कि जब तक तहसीलदार से यह लिखवा कर नहीं लाओगे कि यह प्लॉट तुम्हारा है, तब तक काम नहीं करने देंगे। साथ ही प्रधान ने 12 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। उन्होंने धमकी दी कि पैसे न देने पर जान से हाथ धोना पड़ेगा।
मोहित ने थाना दिवस पर शिकायत दर्ज कराई। इस पर एसडीएम ने आदेश जारी किया कि यह मोहित गर्ग की निजी संपत्ति है और कोई अवैध हस्तक्षेप न किया जाए। इसके बावजूद प्रधान ने दबाव बनाना जारी रखा और रंगदारी की मांग दोहराई।
रंगदारी न मिलने पर आरोपियों ने पीड़ित का निर्माणाधीन मकान गिरा दिया। पीड़ित ने घटना की सूचना चौकी में दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 13 जुलाई 2025 को जब दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया गया, तो प्रधान फिर अपने साथियों के साथ पहुंचा और मजदूरों को भगा दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












