आना दर्जन दंबगों ने होटल में घुसकर की मारपीट, वीडियो वायरल

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित एक होटल में दंबगों ने घुसकर संचालक और उसके सहयोगी के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि होटल संचालक एक कमरे में कुर्सी पर बैठा है, जबकि उसका सहयोगी होटल के काउंटर के पास खड़ा है। इसी दौरान छह युवक कमरे में घुस आते हैं और सहयोगी पर थप्पड़ों से हमला कर देते हैं। जब संचालक उसे बचाने को बीच में आता है, तो आरोपित उसे भी पीटने लगते हैं। एक युवक काउंटर पर रखी वस्तुओं को संचालक के सिर पर मारता है, जबकि अन्य युवक सहयोगी को दीवार में धकेलकर पीटते हैं। यह वीडियो सोमवार को इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा।
बताया जा रहा है कि यह घटना दो दिसंबर को हुई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है।












