अखिल मेमोरियल अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

अखिल मेमोरियल अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। स्वर्ग आश्रम रोड स्थित अखिल मेमोरियल अस्पताल में डिलीवरी के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार, करीब 5 दिन पहले एक गर्भवती महिला को परिजन अस्पताल में भर्ती कराकर लाए थे। ऑपरेशन के बाद महिला ने मृत बच्चे को जन्म दिया। डिलीवरी के चार दिन बाद बुधवार को इलाज के दौरान महिला की भी मौत हो गई।
जच्चा-बच्चा की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में पहले भी ऐसी मौतें हो चुकी हैं। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
सूचना पर हापुड़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अस्पताल प्रबंधन से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।













